मिशन शक्ति 6.0: महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर कानपुर देहात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं को दी कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस ने बुधवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में थाना पुलिस की टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यूपी कॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी समझाए।

कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्हें प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस ने अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में 112 या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

इस अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के संकल्प को दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *