मिशन शक्ति 6.0: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, 24 घंटे पुलिस सहायता का दिलाया भरोसा

संवाददाता
उरई/जालौन।

मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थानों में गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने जागरूकता रैली निकालकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित थानों के सीयूजी नंबरों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या जरूरत के समय संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस की तत्परता का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, आवश्यक सूचनाओं और सुरक्षा संबंधी जानकारियों से युक्त बुकलेट एवं पंपलेट वितरित किए गए।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, जरूरत के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना और उनमें सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *