मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा, बसों में भी परखे गए सुरक्षा मानक
संवाददाता
कानपुर देहात
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने शनिवार और रविवार की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 37 वाहनों के चालान किए गए और 3 लाख 21 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात उत्तर प्रदेश के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की। मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और खराब नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित किया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई।
बसों की सुरक्षा पर भी पुलिस की पैनी नजर
विशेष अभियान के दौरान यात्री बसों की भी सघन जांच की गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में मेडिकल किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग सहित निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जनता से की अपील
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहनों में प्रतिबंधित हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखें।