कानपुर देहात में स्लीपर बसों पर शिकंजा, रात में चलेगा सघन चेकिंग अभियान

हाईकोर्ट के निर्देश पर यातायात पुलिस अलर्ट, अग्निशमन उपकरणों से लेकर ड्राइवरों के लाइसेंस तक की जांच

संवाददाता
कानपुर देहात।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय के आदेशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान जनपद में संचालित होने वाली और दूसरे जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति, इमरजेंसी गेट, एडीएएस (ADAS) प्रणाली तथा चालक और परिचालक के लाइसेंस की जांच की गई। इसके अलावा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर नशे की स्थिति का परीक्षण किया गया। बसों में किसी भी संदिग्ध या ज्वलनशील वस्तु की मौजूदगी की भी पड़ताल की गई।

यातायात पुलिस ने यात्रियों को इमरजेंसी गेट के उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में वे सुरक्षित बाहर निकल सकें।

नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

चेकिंग के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की नियमित जांच रात में भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *