कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हंगामा कर रहे 9 किन्नर गिरफ्तार

संवाददाता | कानपुर

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से जबरन पैसे मांगने, अभद्रता करने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने वाले 9 किन्नरों को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल की टीम ने स्टेशन परिसर में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रेलवे पुलिस ने बताया कि स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति जबरन वसूली, अभद्रता या किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न करे तो इसकी सूचना तुरंत जीआरपी अथवा रेलवे हेल्पलाइन पर दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशन पर अवैध वसूली, हंगामा और यात्रियों को परेशान करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *