संवाददाता | जालौन
अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों से संबंधित 37 मुकदमों में बरामद कुल 467 लीटर कच्ची एवं पक्की शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी कोंच की मौजूदगी में पहाड़ गांव रोड स्थित निर्धारित स्थान पर न्यायालय से प्राप्त अनुमति के बाद शराब को नष्ट किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों एवं निर्धारित विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। विनष्टीकरण के दौरान सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं और मौके पर संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कोंच सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।