मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस द्वारा बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान

संवाददाता – कानपुर देहात

कानपुर देहात।
दिनांक 28.12.2025 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जनपदीय थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना रहा। इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

साथ ही, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों से बचाव—के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गईं।

कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

इस जागरूकता अभियान के माध्यम से कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *