संवाददाता – कानपुर देहात
कानपुर देहात।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में संचालित अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत दिनांक 28.12.2025 को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात स्थित सभागार कक्ष में प्रोजेक्ट ‘नई किरण’ की शुरुआत पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट नई किरण के अंतर्गत कुल 25 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिन पर प्रोजेक्ट से जुड़े सदस्यों द्वारा गहन संवाद एवं समझाइश की गई। प्रयासों के परिणामस्वरूप 04 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर समझौता कराया गया, जहां पति-पत्नी पुनः साथ रहने को खुशी-खुशी तैयार हो गए। शेष प्रार्थना पत्रों में आगामी तिथि निर्धारित की गई।
प्रोजेक्ट नई किरण का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों के कारण बिखर रहे परिवारों को संवाद एवं समझौते के माध्यम से एक सूत्र में बांधना, आपसी सौहार्द स्थापित करना तथा सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ करना है।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला हेल्प डेस्क की महिला हेड कांस्टेबल 127 नीतू, महिला कांस्टेबल 1149 शालू देवी, महिला कांस्टेबल 345 रागिनी, महिला सहायता प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय माती तथा प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यगण डा० पूनम गुप्ता, श्रीमती कंचन मिश्रा आदि का विशेष योगदान रहा।