शीतलहर में गोवंश संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने कान्हा गौशाला का किया निरीक्षण

गोवंशों को सर्दी से बचाने के लिए त्रिपाल व अलाव की व्यवस्था, डीएम ने स्वयं गुड़-चना खिलाया

संवाददाता — उरई/जालौन

शीतलहर के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नगर पंचायत माधौगढ़ के ग्राम मींगनी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए चारों ओर त्रिपाल लगाए जाने तथा अलाव की समुचित व्यवस्था पाई गई।

जिलाधिकारी ने गोवंशों को स्वयं गुड़-चना खिलाकर उनके संरक्षण एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंशों के लिए भुसाघर में पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध रहे तथा हरे चारे की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सर्दी के मौसम में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और शीतकाल में उनकी सुरक्षा, पोषण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राघवेंद्र व्यास, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *