जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, पुनरीक्षण प्रक्रिया की दी जानकारी

संवाददाता – कानपुर देहात

जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत नोटिस निर्गत किए जाने एवं उनकी सुनवाई से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत नवीन दिशा-निर्देशों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर दावे एवं आपत्तियों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, जिससे मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सहभागी बनाया जा सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि 02 फरवरी 2026 तक कुल 22,324 फार्म-6, 519 फार्म-7 तथा 3,587 फार्म-8 प्राप्त हो चुके हैं, जबकि अब तक कुल 1,33,266 नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) के सक्रिय सहयोग का भी आह्वान किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव, बहुजन समाज पार्टी से युवराज सिंह एवं आशुतोष गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *