छात्रों ने किया खेल मैदान का आग्रह, भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं।
विद्यालय परिसर में पहुंचने पर छात्रों ने जिलाधिकारी से खेल मैदान उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर के निकट उपलब्ध सरकारी भूमि का चिन्हांकन किया जाए अथवा आवश्यकता होने पर किसानों को प्रेरित कर भूमि विनिमय के माध्यम से खेल मैदान की व्यवस्था की संभावनाएं तलाशी जाएं।
जिलाधिकारी द्वारा पढ़ाई की स्थिति पूछे जाने पर छात्रों ने बताया कि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। वहीं भोजन व्यवस्था के संबंध में छात्रों ने अवगत कराया कि उन्हें भोजन तो दिया जाता है, लेकिन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप दूध, अंडा एवं मौसमी फल नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। विद्यालय में भोजन व्यवस्था प्रेरणा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित आनंदी महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम भरसूड़ा द्वारा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेन्यू चार्ट के अनुसार भोजन वितरण सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रों के पोषण स्तर को ध्यान में रखते हुए मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे बच्चों को संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण आहार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिक्षा, खेल एवं पोषण से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह, खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा, कॉलेज के शिक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।