मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान

बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर कानपुर देहात पुलिस ने दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

संवाददाता – कानपुर देहात

दिनांक 06 फरवरी 2026 को “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करना, अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना तथा विभिन्न सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करना रहा।

इस दौरान प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के तरीकों तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खातों से धोखाधड़ी—से बचाव के व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के अंतर्गत साइबर अपराध से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि वह “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें या 112 पर कॉल करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *