मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता अभियान तेज, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी

संवाददाता — कानपुर देहात

दिनांक 04.02.2026 को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया।

उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनपद के समस्त थाना पुलिस द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना तथा सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल से बचाव के उपाय बताए गए।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराध संबंधी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।

कानपुर देहात पुलिस ने “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना को दोहराते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है। जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *