दीपावली पर कानपुर देहात के 2.20 लाख परिवारों को मिलेगी मुफ्त गैस रिफिल सब्सिडी

केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर देंगी सिलेंडर की पूरी कीमत के बराबर सब्सिडी, जनप्रतिनिधियों और डीएम ने लाभार्थियों को बांटे प्रतीकात्मक चेक

संवाददाता
कानपुर देहात।

दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कानपुर देहात के 2,20,645 पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ मिलेगा। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के लिए 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

जनपद में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक पूनम संखवार एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना।

सिलेंडर की पूरी कीमत के बराबर मिलेगी सब्सिडी

योजना के तहत 959.50 रुपये के गैस सिलेंडर पर केंद्र सरकार की ओर से 317.88 रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 641.62 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस तरह पात्र परिवारों को सिलेंडर की पूरी कीमत के बराबर आर्थिक सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *