राजपुर में बाल संरक्षण और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर मंथन, योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर

बाल विवाह, बाल शोषण और मानव तस्करी रोकने के लिए किया जागरूक, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की दी जानकारी

संवाददाता
राजपुर / कानपुर देहात।

जिलाधिकारी के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में मंगलवार को राजपुर ब्लॉक सभागार में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना की ब्लॉक टास्कफोर्स की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। प्रभारी खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों के संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

बैठक में महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे गांव-गांव जाकर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएं। साथ ही ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा उनकी कार्यवृत्ति और फोटो संबंधित कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए।

मिशन वात्सल्य के तहत बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने और उनकी उचित देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा बाल अपराध, यौन शोषण, दुर्व्यवहार और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया। बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्रवर्तकता कार्यक्रम और फॉस्टर केयर योजना की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण पर चर्चा की गई।

जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बेटा-बेटी में भेदभाव न करने, बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा एवं भेदभाव समाप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना की जानकारी दी।

बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 181 और 1090 के बारे में जागरूक किया गया। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ताओं सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *