चक्रवाती मौसम का अलर्ट जारी, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका

कानपुर देहात में प्रशासन सतर्क, फसलों की सुरक्षा और जन-धन बचाव के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कानपुर देहात में अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य ने अधिकारियों को मौसम की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस, स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

फसलों की सुरक्षा पर विशेष जोर

संभावित खराब मौसम को देखते हुए कृषि विभाग को किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि तैयार फसलों की शीघ्र कटाई करें और कटी हुई फसल तथा खुले में रखे अनाज को सुरक्षित एवं ढके स्थानों पर रखें।

इसके अलावा गांवों और शहरी क्षेत्रों में जर्जर भवनों को चिह्नित कर उनमें रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

गरज-चमक के दौरान बरतें सावधानी

प्रशासन ने जन-जागरूकता के लिए मुनादी, स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से दामिनी ऐप डाउनलोड कर मौसम संबंधी अलर्ट पर ध्यान देने की अपील की गई है।

खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, जलाशयों के आसपास और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें, अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *