हाईकोर्ट के निर्देश पर चला विशेष अभियान, अग्निशमन उपकरणों से लेकर चालकों के लाइसेंस तक की पड़ताल
संवाददाता
कानपुर देहात।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कानपुर देहात में यातायात पुलिस ने स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और यातायात निदेशालय के आदेशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान जनपद में संचालित होने वाली तथा दूसरे जिलों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, एडीएएस (ADAS) सिस्टम, चालकों एवं परिचालकों के लाइसेंस और ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई। इसके साथ ही इमरजेंसी गेट की उपलब्धता और उसकी कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। बसों में संदिग्ध एवं ज्वलनशील वस्तुओं की भी जांच की गई। यात्रियों से आपातकालीन गेट और संकट के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी ली गई।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की नियमित जांच के लिए रात्रिकालीन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।