रसूलाबाद पुलिस ने कसमड़ा बंबी के पास से दबोचा, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
संवाददाता
कानपुर देहात।
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रसूलाबाद पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी सत्यम कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्राम कसमड़ा बंबी के पास से पकड़ा। उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, बीती 12 अक्टूबर को पीड़िता की दादी ने अपनी नाबालिग पौत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में आरोपी के परिजनों पर गाली-गलौज करने और मारपीट पर आमादा होने के आरोप भी लगाए गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालिका को बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
रसूलाबाद पुलिस ने 27 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए ग्राम रामपुर कसमड़ा निवासी सत्यम कुमार (करीब 19 वर्ष), पुत्र चरन सिंह, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, चौकी प्रभारी बिरहुन तथा कांस्टेबल आकाश कुमार।