परिलोक गार्डन के पास सड़क पर मिली नवजात बच्ची, अस्पताल में भर्ती

चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्ची को संरक्षण में लिया, परिजनों की तलाश जारी; सूचना देने के लिए जारी किया गया 1098 नंबर

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनपद के गजनेर थाना क्षेत्र में परिलोक गार्डन के पास सड़क पर एक अज्ञात नवजात दुधमुंही बालिका मिलने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हुई और बच्ची को संरक्षण में लेकर उसके उपचार की व्यवस्था कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को ग्राम अरखरी, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर निवासी प्रदीप चन्द्र ने डायल 112 पर सूचना दी कि परिलोक गार्डन के पास सड़क पर एक नवजात बालिका पड़ी हुई है। इसके बाद थाना गजनेर के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन, कानपुर देहात को सूचना दी गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची और पुलिस से बच्ची को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।

चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक रिचा तिवारी के अनुसार, बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), गजनेर ले जाया गया। इसके बाद बाल कल्याण समिति, कानपुर देहात को सूचना दी गई। समिति के आदेशानुसार बच्ची को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।

परिजनों की तलाश जारी, 1098 पर दें सूचना

नवजात बालिका के माता-पिता एवं अन्य परिजनों की तलाश की जा रही है। संबंधित अधिकारियों ने अपील की है कि बच्ची के परिवार के संबंध में किसी भी व्यक्ति को जानकारी हो तो वह बाल कल्याण समिति, कानपुर देहात, जिला प्रोबेशन कार्यालय या चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर संपर्क कर सूचना दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *