कानपुर देहात में 1,659 मतदेय स्थल निर्धारित करने का प्रस्ताव, 11 का समायोजन और 4 नए केंद्र शामिल

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने पर जोर

संवाददाता
कानपुर देहात।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा मतदेय स्थलों की अंतिम सूची तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक में बताया गया कि जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन के तहत 11 मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया है, जबकि चार नए मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इसके बाद जिले में कुल 1,659 मतदेय स्थल निर्धारित करने का प्रस्ताव है, जबकि संभाजन से पहले इनकी संख्या 1,666 थी।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों का समायोजन

विधानसभा क्षेत्रवार व्यवस्था के तहत रसूलाबाद में तीन, अकबरपुर-रनियां में एक, सिकंदरा में एक और भोगनीपुर में छह मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया। वहीं, अकबरपुर-रनियां में तीन तथा सिकंदरा में एक नया मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *