मतदाता सूची में नाम नहीं तो 24 अक्टूबर को फिर मिलेगा मौका, भरें फॉर्म-6

डीएम समीर ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, सभी बूथों पर तैनात हैं बीएलओ

संवाददाता
उरई/जालौन।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले शनिवार को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी समीर ने पटेल नगर स्थित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, टाउन हॉल और राजकीय इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 399, 400, 352 और 353 सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद बूथवार और विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या में बदलाव हुआ है। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात हैं। उनके पास फॉर्म-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी भी बीएलओ के संपर्क में रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं, ताकि नागरिकों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीएम ने मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील की

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए जरूरी है। इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम सूची में शामिल है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी सहित संबंधित बीएलओ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *