जालौन को मिली 4077 मीट्रिक टन डीएपी, समितियों तक सीधे पहुंचेगी खाद

डीएम समीर की पहल पर शासन ने उपलब्ध कराई खाद की रैक, 1350 रुपये में मिलेगी डीएपी की बोरी

संवाददाता
उरई/जालौन।

रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी समीर की पहल पर उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद जालौन के लिए आईपीएल कंपनी की 4077 मीट्रिक टन डीएपी की रैक उपलब्ध कराई है। इसमें से 1523 मीट्रिक टन डीएपी साधन सहकारी समितियों को आपूर्ति के लिए उपलब्ध करा दी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि रैक प्वाइंट से खाद सीधे समितियों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसानों को आसानी से खाद मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद की बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दरों पर ही की जाएगी। डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी 1350 रुपये और यूरिया की बोरी 266.50 रुपये में मिलेगी। खाद खरीदने के लिए किसानों को आधार कार्ड, खतौनी और फार्मर आईडी साथ रखनी होगी।

फसलों के अनुसार निर्धारित की गई खाद की मात्रा

कृषि वैज्ञानिकों की संस्तुति के अनुसार गेहूं और जौ की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और छह बोरी यूरिया निर्धारित की गई है। वहीं, चना, मटर और मसूर की फसल के लिए प्रति हेक्टेयर तीन बोरी डीएपी और एक बोरी यूरिया की मात्रा बताई गई है।

खाद की समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी होने पर किसान सहकारी समितियों के मोबाइल नंबर 07818921432 और 09756035257 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के नंबर 08858222253, 08317041767, 07839882812 और 09450072937 पर भी शिकायत दर्ज कराने या जानकारी प्राप्त करने के लिए संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी समीर ने किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में खाद की आपूर्ति जारी रहेगी और इसकी कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खाद के लिए अनावश्यक भीड़ न लगाएं, अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *