पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, पारदर्शिता से पूरा करें पुनरीक्षण कार्य: उप जिला निर्वाचन अधिकारी

एमएसवी और आर कन्या इंटर कॉलेज के बूथों का किया निरीक्षण, 17 व 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान

संवाददाता
उरई/जालौन।

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारी पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित करें। पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने दिए।

उन्होंने विशेष अभियान दिवस पर एमएसवी इंटर कॉलेज और आर कन्या इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए।

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इन दोनों दिनों में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। नागरिक बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ ही नाम जुड़वाने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदनों का सत्यापन कर नियमानुसार करें कार्रवाई

उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाने से पहले आवेदन का समुचित सत्यापन किया जाए। वहीं, नाम और अन्य विवरणों में संशोधन वास्तविक अभिलेखों के आधार पर ही किया जाए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथों पर मौजूद मतदाताओं से संवाद किया और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लेते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *