एसपी ने किया कालपी कोतवाली का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण के निर्देश

अभिलेखों की जांच कर परखी थाने की कार्यप्रणाली, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर दिया जोर

संवाददाता
कालपी/जालौन।

पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने कोतवाली कालपी का औचक निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र तथा महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति परखी।

एसपी ने अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर (एचएस) इंडेक्स और आगंतुक रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक कालपी को निर्देशित किया कि लंबित मामलों और विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही थाने के सभी अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *