उरई में ब्लिंकिट और विशाल मेगा मार्ट सहित छह प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, कमियां मिलने पर जारी किया सुधार नोटिस
संवाददाता
उरई/जालौन।
आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को उरई में विभिन्न ई-कॉमर्स और रिटेल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। अभियान के दौरान छह निरीक्षण किए गए। कुट्टू का आटा, किशमिश और मूंगफली दाना समेत पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. सीआर प्रजापति के नेतृत्व में गठित टीम ने पटेल नगर स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे के दो, किशमिश का एक और मूंगफली दाना का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं, गांधी नगर-राठ रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट से किशमिश का एक नमूना लिया गया। सुशील नगर स्थित अरोहना एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश प्रसाद, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार और अनिल कुमार कटियार शामिल रहे।
डॉ. प्रजापति ने बताया कि त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को मिलावट से दूर रहने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।