कालपी तहसील में तीन दिन लगेंगे विधिक जागरूकता शिविर, लोगों को दी जाएगी कानूनों की जानकारी

संवाददाता
कालपी/जालौन।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन के तत्वावधान में अक्टूबर माह में तहसील सभागार कालपी में तीन दिवसीय लघु विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

तहसीलदार/सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि पहला शिविर 17 अक्टूबर को दोपहर दो बजे आयोजित होगा। इसमें जनजातीय अधिकारों की सुरक्षा और संबंधित विधिक योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

दूसरा शिविर 21 अक्टूबर को दोपहर दो बजे लगेगा। इसमें स्थायी लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सेवाएं, समाज कल्याण योजनाएं, उत्तर प्रदेश बचाव सेवा योजना, दैवीय आपदा, किशोर न्याय और पॉक्सो एक्ट-2012 के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

वहीं, तीसरा शिविर 26 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें मध्यस्थता एवं लोक अदालत के लाभ, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, एसिड अटैक पीड़ितों को विधिक सहायता, प्रसव पूर्व निदान संबंधी कानून और अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराना और जरूरतमंदों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *