आयुष्मान मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देना अनिवार्य, 13 अस्पतालों को नोटिस

सीएमओ की सख्ती, निर्देशों की अनदेखी पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

संवाददाता
कानपुर देहात।

आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कानपुर देहात ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जनपद के 13 सरकारी एवं निजी सूचीबद्ध चिकित्सालयों को पत्र भेजकर निर्धारित मानकों के अनुसार मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सीएमओ कार्यालय से 14 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा गया है कि इससे पहले भी अस्पतालों को इस संबंध में निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन कुछ चिकित्सालयों में उनका समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अस्पतालों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा गया है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत भर्ती मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने संबंधित अस्पतालों को मरीजों के हितों को प्राथमिकता देने और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

इन 13 अस्पतालों को जारी हुए निर्देश

निर्देश पाने वाले अस्पतालों में कौशिकी अस्पताल एवं सर्जिकल सेंटर, रसूलाबाद; वीपीएन अस्पताल, कालपी रोड पुखरायां; डीएस मेमोरियल अस्पताल, रायपुर बाजार; ओम अस्पताल, ककरदही बाघपुर; पुष्पे अस्पताल, गांधी नगर अकबरपुर; राजावत अस्पताल एवं मल्टी सुपर स्पेशलिटी, बिसायकपुर रनियां; नोवा ग्रेस अस्पताल, अकबरपुर; अंतरज अस्पताल, अकबरपुर; श्री गौरी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, नबीपुर; श्री आरपी पोरवाल अस्पताल; लोकप्रिय अस्पताल, अकबरपुर; गणेश अस्पताल, अकबरपुर तथा द प्रीमियम आई अस्पताल, मावर शामिल हैं।

सीएमओ ने सभी संबंधित अस्पतालों को जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और भर्ती मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *