मतदाता सूची में नाम छूटने पर मिलेगा मौका, युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान

बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे मतदाताओं का सत्यापन, पात्र लोगों का फार्म-6 से जुड़ेगा नाम

रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों और बेघर लोगों के लिए भी लगेंगे विशेष शिविर

संवाददाता
उरई/जालौन

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान के योग्य हुए युवा मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले लोगों का नाम फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाने के साथ ही रैन बसेरों, श्रमिक कॉलोनियों और बेघर लोगों के बीच भी पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में 10 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित लोगों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए चलाए जाने वाले विशेष अभियान की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि बीएलओ वर्तमान निर्वाचक नामावली, जो 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित हुई थी, की तुलना विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व की निर्वाचक नामावली से करेंगे। इसके तहत 7 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और उसकी पूरक सूचियों के आधार पर ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पुरानी सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति का पता लगाएंगे। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों का नाम फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज कराया जाएगा।

युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर

अभियान के दौरान घर-घर भ्रमण कर ऐसे युवाओं की पहचान की जाएगी, जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं, लेकिन अभी तक उनका पंजीकरण नहीं हुआ है। उनका फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक कॉलोनियों, बेघर लोगों और समाज की मुख्यधारा से वंचित व्यक्तियों तक पहुंचकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से अभियान में सहयोग करने की अपेक्षा की गई। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी-स्वीप को शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने, स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने, स्वीप गतिविधियों और नियमित प्रेस ब्रीफिंग सहित अन्य माध्यमों से लोगों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में भाजपा के निर्वाचन प्रतिनिधि शांति स्वरूप महेश्वरी, बसपा के जिला सचिव भगवती शरण पांचाल एवं जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार जाटव, सीपीआई (एम) के जिला सचिव विनोद कुमार नगरिया, सपा के प्रतिनिधि राजीव शर्मा, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष राजकुमार, अपना दल (सोनेलाल) के जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी तथा आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *