सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं

मेरे सपनों का भारत’ और ‘सेवा से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर विद्यार्थियों ने व्यक्त किए विचार

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों, राजकीय इंटर कॉलेजों एवं परिषदीय विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सेवा भावना एवं विकसित भारत की सोच को मजबूत करना रहा।

प्रतियोगिताओं के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ तथा ‘सेवा से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय निर्धारित किए गए। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं में स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित भारत और उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को अभिव्यक्त किया।

भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व पर रखे विचार

भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका, सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, तकनीकी विकास तथा आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से समाज और देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित किया।

वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की कल्पना को रंगों के माध्यम से साकार किया। बच्चों की चित्रकला में स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और विकास जैसे विषयों की झलक देखने को मिली।

विद्यार्थियों में बढ़ा आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच

प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला। साथ ही, राष्ट्र एवं समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश भी दिया गया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुए।

शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का अवसर प्रदान करती हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कानपुर देहात ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से बच्चों में राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगे भी जनजागरूकता, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *