कानपुर देहात में रातभर चला यातायात चेकिंग अभियान, 45 वाहनों पर कार्रवाई

मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और नशे में ड्राइविंग पर पुलिस की सख्ती, 3.78 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने शनिवार रात विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देश और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक सघन वाहन चेकिंग की।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और दोषपूर्ण नंबर प्लेट की जांच की। इसके साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मेडिकल किट, फायर सिलेंडर, आपातकालीन द्वार, ओवरलोडिंग समेत निर्धारित सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की गई।

45 वाहनों पर कार्रवाई, 3.78 लाख रुपये का शमन शुल्क

विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार वाहन चालकों से कुल 3 लाख 78 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई।

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

जनपद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि शराब के नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा अन्य लोगों की जान को सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *