रूरा में पुलिस मुठभेड़, शातिर चोर घायल; दो साथी गिरफ्तार

पालीवाल नगर चोरी का खुलासा, 80 ग्राम पीली व 150 ग्राम सफेद धातु समेत 25,500 रुपये बरामद

संवाददाता
कानपुर देहात

रूरा। थाना रूरा क्षेत्र के पालीवाल नगर में 21 सितंबर को हुई चोरी का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। चोरी के माल की बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन, स्कूटी और तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पालीवाल नगर निवासी महेश तिवारी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। घटना के संबंध में रूरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल तीन आरोपी स्कूटी से बनीपारा से सिठमरा की ओर जा रहे हैं।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, फिसली स्कूटी

सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मणपुरवा गांव के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्कूटी मोड़कर भागने लगे, इसी दौरान स्कूटी फिसलने से तीनों सड़क पर गिर पड़े।

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हिमांशू गौतम के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल हिमांशू समेत उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जेवरात, नकदी और तमंचा-कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशू गौतम (24), आभाष उर्फ अविनाश सविता (20) और अजय शिल्पकार (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 80 ग्राम पीली धातु और 150 ग्राम सफेद धातु, आभूषण, बिस्किट, चांदी के सिक्के और तोड़िया बरामद की हैं।

इसके अलावा 25,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आला नकब, बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी और 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक मौके से तीन खोखा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।

रेकी के बाद बंद मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पालीवाल नगर स्थित मकान की पहले रेकी की गई थी। मकान बंद होने की जानकारी मिलने के बाद ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया और चोरी का माल आपस में बांट लिया गया।

पुलिस का कहना है कि वारदात में एक अन्य सहयोगी ने मकान की लोकेशन और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब इस सहयोगी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

आर्म्स एक्ट समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मुठभेड़, अवैध तमंचे और कारतूस की बरामदगी के संबंध में रूरा थाने में धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानपुर नगर और कानपुर देहात के विभिन्न थानों में चोरी, टप्पेबाजी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना रूरा पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *