बाजारों में गूंजी सुरक्षा की आवाज, महिलाओं को बताए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर

मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए

संवाददाता
कानपुर देहात।

मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन और 1076 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के तरीके भी बताए गए।

पुलिस टीमों ने महिलाओं को साइबर ठगी, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचाव के उपाय समझाए। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण संबंधी कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *