रूरा पुलिस ने सोलर पैनल चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चोरी के तीन सोलर पैनल बरामद, दुकान की तीसरी मंजिल से हुई थी चोरी

संवाददाता
कानपुर देहात।

रूरा थाना पुलिस ने सोलर पैनल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए तीन सोलर पैनल भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, रूरा कस्बे के मेन रोड निवासी गौरव शेखर तिवारी ने 15 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 14 अक्टूबर की रात उनकी दुकान की तीसरी मंजिल पर लगे चार सौर ऊर्जा पैनलों में से तीन चोरी कर लिए गए, जबकि एक पैनल तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी क्रम में 15 और 16 अक्टूबर की रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर शिवली रोड क्षेत्र से अनुज कुमार उर्फ चाटी निवासी घनश्यामपुर, कौशल किशोर निवासी गुटैया और अमृत सिंह उर्फ छोटू निवासी गुटैया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीनों सोलर पैनल बरामद किए।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उदय सिंह, कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल शिवम कुमार और हेड कांस्टेबल उमेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *