कानपुर देहात में दो उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, एसपी ने वर्दी पर स्टार लगाकर दी बधाई

एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पदोन्नत अधिकारियों का बढ़ाया उत्साह, नए दायित्वों को निष्ठा से निभाने के दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनपद में तैनात दो उपनिरीक्षकों को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नति मिलने पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिस कार्यालय में उपनिरीक्षक अच्छे लाल पाल और सुशील चंद्र की वर्दी पर नए पद के स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ज्येष्ठता के आधार पर थाना शिवली में तैनात उपनिरीक्षक अच्छे लाल पाल और थाना सिकंदरा में तैनात उपनिरीक्षक सुशील चंद्र को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के अनुमोदन के बाद दोनों अधिकारियों को उनके वर्तमान तैनाती स्थल पर ही पदोन्नति दी गई।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने पदोन्नत अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नए दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों अधिकारियों को उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *