जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता में अकबरपुर और रसूलाबाद का दबदबा

जूनियर वर्ग में अकबरपुर तो प्राथमिक स्तर पर रसूलाबाद बना ओवरऑल चैंपियन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में जूनियर स्तर पर अकबरपुर विकासखंड ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि प्राथमिक स्तर पर रसूलाबाद विकासखंड की टीम चैंपियन बनी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। जूनियर बालक कबड्डी में रसूलाबाद ने अमरौधा को हराया, जबकि बालिका वर्ग में राजपुर की टीम ने रसूलाबाद को शिकस्त दी। खो-खो के बालक और बालिका दोनों वर्गों में मैथा की टीम विजेता रही। क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में अमरौधा ने सरवनखेड़ा को पराजित किया।

रिले दौड़ के बालक वर्ग में रसूलाबाद और बालिका वर्ग में अकबरपुर ने बाजी मारी। पीटी में मैथा, जबकि समूह गान, लोकगीत-लोकनृत्य और राष्ट्रीय एकांकी में अकबरपुर की टीम विजेता रही। पीटी बालक वर्ग में मैथा तथा ताइक्वांडो बालक वर्ग में अकबरपुर ने जीत दर्ज की।

कुश्ती प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में सरवनखेड़ा की भावना और 50 किलोग्राम भार वर्ग में अकबरपुर की निधि विजेता बनीं। बालक वर्ग के 30 किलोग्राम भार वर्ग में सरवनखेड़ा के प्रांजुल, 35 किलोग्राम में डेरापुर के हिमांशु, 40 किलोग्राम में डेरापुर के अहम, 45 किलोग्राम में अकबरपुर के अर्पित और 50 किलोग्राम भार वर्ग में अकबरपुर के हर्ष ने जीत हासिल की।

व्यक्तिगत चैंपियनशिप में उच्च प्राथमिक स्तर पर अमिलिया, अमरौधा के देवराज इंद्र ने, जबकि प्राथमिक स्तर पर रसूलाबाद के मक्का निवादा की रानी ने खिताब जीता।

कार्यक्रम में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सुबेश कुमार सिन्हा, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह, अजब सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक नीतू कटियार, व्यवस्थापक नवजोत सिंह यादव सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, ब्लॉक पीटीआई, एआरपी और अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने बच्चों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *