यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्लीपर बसों की सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी गेट और चालकों के लाइसेंस की हुई जांच, रात में भी जारी रहेगा अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात में यातायात पुलिस ने स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों और यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश के आदेशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान जिले में संचालित और दूसरे जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।

सुरक्षा उपकरणों और चालकों के लाइसेंस की जांच

चेकिंग के दौरान बसों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति, एडीएएस (ADAS) सिस्टम, ड्राइवर और कंडक्टर के लाइसेंस तथा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। इसके साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप इमरजेंसी गेट की उपलब्धता और कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। बसों में किसी भी संदिग्ध अथवा ज्वलनशील वस्तु की मौजूदगी की भी जांच की गई।

यात्रियों को आपातकालीन सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

यातायात पुलिस ने यात्रियों से इमरजेंसी गेट के संबंध में जानकारी ली और आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी पूछताछ की, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री सुरक्षित बाहर निकल सकें।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम सहित संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन रात्रि में स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की नियमित चेकिंग की जाएगी तथा विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *