रामपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पटाखा निर्माण का भंडाफोड़

तीन आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ व पटाखा निर्माण सामग्री बरामद

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा थाना पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ के साथ पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 को थाना रामपुरा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम टीहर में मुर्गी फार्म के पास बनी कोठरी के बाहर छप्पर में अवैध रूप से पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक पदार्थ एवं अन्य सामग्री बरामद हुई। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार पुत्र मेवालाल (करीब 35 वर्ष), हेमेंद्र सिंह पुत्र मानसिंह (करीब 20 वर्ष) और कैलाश पुत्र वृंदावन (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम टीहर, थाना रामपुरा, जनपद जालौन के निवासी बताए गए हैं।

भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ व सामग्री बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 170 ग्राम पीला पाउडर विस्फोटक और 2 किलो 730 ग्राम सफेद पाउडर विस्फोटक बरामद किया गया। इसके अलावा रंगीन अबरी पेपर के कागज, धागा, कपड़े की कतरन, पतंगी कागज, देशी दीवार पटाखा अधबने, प्लास्टिक डलियां, देशी दीवार पटाखा तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बजरी/पत्थर समेत अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

बरामदगी के आधार पर थाना रामपुरा में मु0अ0सं0 85/2026, धारा 5/9ख विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा बरामद विस्फोटक पदार्थ एवं अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना रामपुरा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *