संवाददाता | उरई
जनपद जालौन में ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। यह अभियान सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी मंडल राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान में वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार, यात्रीकर/मालकर अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय तथा यातायात पुलिस की टीम शामिल रही।
शहर के प्रमुख चौराहों पर चलाए गए इस विशेष अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर एवं प्रतिबंधित हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से बुलेट एवं स्पोर्ट्स बाइक्स को चेक किया गया, जिनमें कंपनी मानकों के विपरीत आफ्टर-मार्केट साइलेंसर लगे पाए गए।
परिवहन विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 9 वाहनों का चालान किया, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया। इसके अलावा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्रवर्तन अधिकारियों ने कई वाहनों से मौके पर ही अवैध साइलेंसर निकलवाकर जब्त कर लिए। अधिकारियों ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि शोर संबंधी मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।