फिल्म ‘काला हिरण’ के मेकर्स को नोटिस

संवाददाता

दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिनेता सलमान खान से जुड़े कथित संदर्भों को लेकर फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर, प्रचार सामग्री और सार्वजनिक बयानों में अभिनेता की छवि का बिना अनुमति उपयोग किया गया है।

याचिका में कहा गया है कि फिल्म का शीर्षक और उससे जुड़ी प्रचार सामग्री दर्शकों को सीधे तौर पर सलमान खान के चर्चित काला हिरण शिकार मामले की याद दिलाती है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि फिल्म के प्रमोशन में अभिनेता की लोकप्रियता और विवादों का अप्रत्यक्ष रूप से लाभ उठाने का प्रयास किया गया है।

याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि फिल्म के मेकर्स को अभिनेता से जुड़े किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संदर्भ, पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री का इस्तेमाल करने से रोका जाए तथा बिना अनुमति उनकी छवि का व्यावसायिक उपयोग न किया जाए।

याचिका में फिल्म के 29 मई को जारी ट्रेलर का भी उल्लेख किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि कुछ दृश्य और संवाद ऐसे हैं जो सलमान खान तथा उनके चर्चित ब्रेसलेट की ओर इशारा करते हैं। साथ ही फिल्म के प्रचार के दौरान दिए गए कुछ सार्वजनिक बयानों को भी आधार बनाया गया है।

याचिका के अनुसार, इस तरह की सामग्री अभिनेता की प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व अधिकारों (Personality Rights) का उल्लंघन कर सकती है तथा दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती है।

मामले की प्रारंभिक सुनवाई के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म के निर्माताओं एवं संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *