प्रभारी मंत्री ने नया पटेल नगर में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, किया वृक्षारोपण

संवाददाता | उरई (जालौन)

उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार को उरई के नया पटेल नगर में आयोजित स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर श्रमदान किया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने नागरिकों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताते हुए सभी से वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, जिला महामंत्री अनिल सिंह, नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *