मेरी पंचायत–हरित पंचायत” अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश, खाली गौशालाओं में होगा व्यापक वृक्षारोपण

संवाददाता | उरई/जालौन

उरई/जालौन, 09 जुलाई 2026। जनपद में हरित वातावरण के निर्माण एवं वृहद वृक्षारोपण अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि इसे जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में जिन गौशालाओं का विलय (मर्जर) हो चुका है और जिनके परिसर वर्तमान में खाली हैं, वहां बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए तथा वीबीजी (VBG) योजना के अंतर्गत गड्ढे खोदने का कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाए, ताकि निर्धारित समय पर पौधरोपण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कराया जाए। इन बैठकों में “ग्रीन पंचायत अभियान – मेरी पंचायत, हरित पंचायत” के उद्देश्य, पर्यावरण संरक्षण के महत्व तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए ग्रामीणों को जागरूक कर जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित करे तथा केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने, सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा वृक्षारोपण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *