संवाददाता | उरई/जालौन
उरई/जालौन, 09 जुलाई 2026। जनपद में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारु, निर्बाध एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत आपूर्ति, ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, जर्जर लाइनों, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता तथा बिजली चोरी की रोकथाम की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज एवं फाल्ट संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में ट्रांसफार्मरों की कुल 488 मांग के सापेक्ष अब तक 387 ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति की जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष 101 ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सरकारी नलकूपों के लिए आवश्यक 10 ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता अगले तीन दिनों के भीतर सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
बिजली चोरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध रूप से कटिया डालकर विद्युत चोरी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी (सीओ), अधिशासी अभियंता एवं विद्युत विजिलेंस की संयुक्त टीम विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करे। इसी प्रकार तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी, एसडीओ एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम नियमित अभियान चलाकर विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाए।
बरसात के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने विद्युत लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की समयबद्ध छंटाई कराने तथा जर्जर विद्युत लाइनों एवं अन्य तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़े प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, त्वरित कार्रवाई और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रथम जितेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता महेंद्रनाथ भारती सहित विद्युत विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।