मेघगर्जन और वज्रपात से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, जारी की गई एडवाइजरी

सचेत और दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील, आपात स्थिति में 112 पर दें सूचना

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनपद में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 30 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहें

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और तत्काल किसी सुरक्षित पक्के मकान में शरण लें। खिड़की, दरवाजे, छत, बिजली के खंभों, तारों, ऊंचे पेड़ों और जलाशयों से दूर रहें। समूह में खड़े होने के बजाय एक-दूसरे से दूरी बनाकर रहें। बिजली के उपकरणों और धातु से बनी वस्तुओं के संपर्क में आने से भी बचें।

प्रशासन ने एंड्रॉयड मोबाइल में ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की है, ताकि मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी समय पर मिल सके। वज्रपात से घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाने के साथ अस्पताल पहुंचाएं। आपात स्थिति में 112 पर सूचना दें। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

अपर जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि मौसम साफ होने तक घरों के अंदर रहें, पुराने एवं जर्जर मकानों में शरण न लें तथा स्थानीय संचार माध्यमों से मौसम की जानकारी लेते रहें।

आपातकालीन सहायता के लिए जनपद स्तरीय टोल फ्री मोबाइल नंबर 9454416429 सक्रिय किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को वज्रपात के खतरे से सुरक्षित रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *