डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरों से रही कड़ी निगरानी
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा शुक्रवार को सभी 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 7,007 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दोनों पालियों में 7,007 अभ्यर्थी रहे उपस्थित
दूसरे दिन की परीक्षा में दोनों पालियों में 4,992-4,992 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 3,519 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,473 अनुपस्थित रहे। इस पाली में 70.49 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं, द्वितीय पाली में 3,488 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1,504 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 69.87 रहा। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7,007 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
प्रशासन की सतर्कता, पुख्ता सुरक्षा इंतजाम और लगातार निगरानी के चलते जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।