सीसीटीवी निगरानी से लेकर सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रथम पाली में जिलाधिकारी ने श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज, मोहम्मदपुर तथा द्वितीय पाली में अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, सुरक्षा इंतजामों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराई जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।