कानपुर देहात में खाद का पर्याप्त स्टॉक, किसानों को घबराने की जरूरत नहीं

26,624 मीट्रिक टन यूरिया और 9,588 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध, फसल की जरूरत के अनुसार खाद लेने की अपील

संवाददाता
कानपुर देहात।

रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को राहत देते हुए जिला कृषि अधिकारी प्राची पाण्डेय ने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। किसानों को खाद की कमी को लेकर परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि जनपद में वितरण के लिए 26,624 मीट्रिक टन यूरिया और 9,588 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। इसके अलावा 7,322 मीट्रिक टन एनपीके, 2,328 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) तथा 359 मीट्रिक टन पोटाश का भी स्टॉक है।

फसल की जरूरत के अनुसार ही लें उर्वरक

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री, आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर फसल की संस्तुति के अनुरूप ही उर्वरक प्राप्त करें। संतुलित खाद के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए पीएम-प्रणाम योजना के तहत डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके एवं एसएसपी के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

किसान साधन सहकारी समितियों, इफको, कृभको, एग्री जंक्शन, क्रय-विक्रय केंद्रों एवं निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खाद प्राप्त कर सकते हैं।

अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला कृषि अधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित दर पर पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद वितरण करने तथा स्टॉक और वितरण रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *