एसपी सुरेश चन्द्र रावत ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक
संवाददाता
उरई/जालौन।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-6.0 का जनपद जालौन में शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन उरई में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने हरी झंडी दिखाकर महिला बीट पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं की जागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा और मच्छर चौराहा होते हुए टाउन हॉल उरई पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर आमजन को महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
विद्यालयों से गांवों तक चलेगा जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग सेंटरों में जागरूकता चौपाल आयोजित करेंगी। इसके अलावा बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिला चौपाल लगाकर कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने सभी थाना प्रभारियों को महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेने, त्वरित एफआईआर दर्ज करने, संवेदनशीलता के साथ जांच करने और पीड़िताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर उरई, प्रतिसार निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अंत में जालौन पुलिस ने आमजन से अपील की कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबर या पुलिस की सहायता लें। पुलिस ने “सशक्त नारी—सुरक्षित समाज” के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की।