डायल-112 की तत्परता से पकड़े गए दो युवक, पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

भैंस को लात मारने का विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर दी थी धमकी, पीआरवी 8835 ने पीछा कर दबोचा

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में डायल-112 की तत्परता से दो युवकों को पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में थाना कदौरा पुलिस द्वारा अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चतेला निवासी सोहन लाल पुत्र सरमन ने डायल-112 पर सूचना दी कि वह भैंस चराकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पावर हाउस चतेला के पास कदौरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसकी भैंस को लात मार दी। इसका विरोध करने पर युवकों ने पिस्टल दिखाकर उसे धमकी दी और मोटरसाइकिल से कदौरा की ओर भाग निकले।

सूचना मिलते ही पीआरवी 8835 पर तैनात कांस्टेबल जीतेश कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और चालक होमगार्ड चंद्रशेखर पाल ने तत्काल कॉलर से संपर्क किया। इसके बाद सोहन लाल को साथ लेकर पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। अनीश पेट्रोल पंप, कदौरा के पास दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह पुत्र कुलवीर निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना भरुआ सुमेरपुर तथा विजय पुत्र भालू सिंह निवासी ग्राम बड़ी भेड़ी, थाना जलालपुर, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। बरामद मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। दोनों आरोपियों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कदौरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, त्वरित कार्रवाई से प्रभावित कॉलर और मौके पर मौजूद लोगों ने पीआरवी कर्मियों एवं डायल-112 पुलिस की सराहना की। यह कार्रवाई आपातकालीन सूचना मिलने पर पुलिस की सक्रियता और त्वरित रिस्पॉन्स का उदाहरण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *