जनसुनवाई में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन।
पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस कार्यालय परिसर में जनसुनवाई आयोजित कर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के दौरान पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से लिया जाए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का प्रभावी समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई व्यवस्था का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना है।
उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।