बाजारों में भीड़ नियंत्रण, अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर रहेगा पुलिस का विशेष ध्यान
संवाददाता
उरई/जालौन।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस लाइन उरई के सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ गोष्ठी की। बैठक में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
डॉ. ईशान सोनी ने व्यापारियों और ऑटो चालकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और त्योहारों के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने बाजारों में भीड़ नियंत्रण, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और सतर्कता के साथ त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।